ब्यूरो ऑफ एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) ने तुर्की की ग्राउंड हैंडलिंग कंपनी सेलेबी की भारतीय हवाई अड्डों पर सुरक्षा मंजूरी को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। यह जानकारी एक आधिकारिक आदेश के माध्यम से दी गई।
हवाई मंत्रालय के आदेश में कहा गया है कि सेलेबी एयरपोर्ट सर्विसेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को 21 नवंबर, 2022 को दी गई ग्राउंड हैंडलिंग के लिए सुरक्षा स्वीकृति अब राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में तत्काल प्रभाव से रद्द की जाती है।
भारत ने तुर्की पर कार्रवाई क्यों की?
हाल ही में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य टकराव के दौरान तुर्की ने खुलकर पाकिस्तान का समर्थन किया था। इतना ही नहीं, पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ तुर्की के ड्रोनों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया। इसके अलावा, तुर्की ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर भारत की सैन्य कार्रवाई की भी निंदा की थी, जिससे भारत और तुर्की के रिश्तों में तनाव बढ़ गया।
सेलेबी भारत में कहाँ काम करती थी?
सेलेबी की वेबसाइट के अनुसार, कंपनी भारत के 9 प्रमुख हवाई अड्डों पर ग्राउंड हैंडलिंग सेवाएँ प्रदान करती थी, जिनमें दिल्ली, मुंबई, कोच्चि, कन्नूर, बेंगलुरु, हैदराबाद, गोवा, अहमदाबाद और चेन्नई शामिल थे।
ग्राउंड हैंडलिंग क्या है?
ग्राउंड हैंडलिंग में यात्रियों के सामान को संभालना, विमान की सफाई, बोर्डिंग प्रक्रियाएँ और अन्य ज़रूरी ज़मीनी कार्य शामिल होते हैं। अब सेलेबी भारत के हवाई अड्डों पर सुरक्षा क्षेत्र में कोई भी काम नहीं कर सकेगी।