पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में हुए ट्रेन हाईजैक मामले में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने अब तक 155 बंधकों को छुड़ाने का दावा किया है। सेना ने मंगलवार को बलूच विद्रोहियों द्वारा अगवा किए गए इन यात्रियों को मुक्त कराया और इस दौरान 27 आतंकवादियों को मार गिराया। अन्य यात्रियों को भी बचाने के लिए अभियान अभी जारी है। बलूच लड़ाकों और पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के बीच लगातार मुठभेड़ हो रही है। हालांकि, बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने दावा किया कि उसने बंधकों को स्वयं रिहा किया।
गोलीबारी के दौरान यात्रियों को बनाया बंधक
सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, जाफर एक्सप्रेस के नौ डिब्बों में करीब 500 यात्री सवार थे। यह ट्रेन क्वेटा से खैबर पख्तूनख्वा के पेशावर जा रही थी। मंगलवार सुबह जब ट्रेन गुदलार और पीरू कोनेरी इलाकों के बीच पहुंची, तो उस पर भारी गोलीबारी शुरू हो गई। इस हमले के बाद आतंकवादियों ने ट्रेन को हाईजैक कर 100 से ज्यादा यात्रियों को बंधक बना लिया।
अब तक, सुरक्षा बलों ने 13 आतंकवादियों को मार गिराया है और 80 यात्रियों को छुड़ा लिया है। अधिकारियों ने बताया कि बचाव अभियान अभी जारी है और बाकी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
मुक्त कराए गए यात्रियों में 11 बच्चे भी शामिल
बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने जानकारी दी कि सुरक्षा बलों ने एक डिब्बे में फंसे 80 यात्रियों – 43 पुरुष, 26 महिलाएं और 11 बच्चों – को सफलतापूर्वक छुड़ा लिया। इसके अलावा, 24 अन्य यात्रियों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया।
फिलहाल, करीब 400 यात्री अभी भी ट्रेन के अंदर फंसे हुए हैं, जो सुरंग में खड़ी है। सुरक्षा बल आतंकवादियों से लोहा ले रहे हैं, और यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए अभियान लगातार जारी है।
इमरजेंसी घोषित
पाकिस्तानी रेलवे प्रशासन ने क्वेटा रेलवे स्टेशन पर एक आपातकालीन डेस्क स्थापित किया है, क्योंकि बंधकों के परिजन अपने प्रियजनों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और स्टेशन पर जानकारी लेने के लिए पहुंच रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई है और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। हालांकि, अभी तक किसी यात्री के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।