ईडी ने पंजाब कांग्रेस के विधायक सुखपाल सिंह खैहरा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी चंडीगढ़ स्थित संपत्ति को अटैच कर लिया। यह संपत्ति चंडीगढ़ के सेक्टर-5 में स्थित है और इसकी कीमत 3.82 करोड़ रुपये आंकी गई है। ईडी ने इस संबंध में जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा की। बताया गया कि विधायक के खिलाफ 8 मार्च 2025 को धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
ईडी की जांच में यह खुलासा हुआ कि सुखपाल सिंह खैहरा ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट से जुड़े गुरदेव सिंह और उसके विदेशी साथियों से प्राप्त अवैध धन (3.82 करोड़ रुपये) का उपयोग किया। आरोपों के अनुसार, खैहरा ने इस रकम के बदले नशीली दवाओं की तस्करी में संरक्षण और पासपोर्ट सेवाएं उपलब्ध करवाईं। इतना ही नहीं, इस पैसे का इस्तेमाल उनके चुनाव प्रचार में भी किया गया।
ईडी की इस कार्रवाई को लेकर सुखपाल सिंह खैहरा ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि मुझे मीडिया के जरिए पता चला कि ईडी ने मेरी चंडीगढ़ स्थित संपत्ति अटैच कर ली है। लेकिन इस बारे में मुझे न तो ईडी और न ही किसी अन्य सरकारी एजेंसी ने कोई नोटिस भेजा है। अगर यह खबर सच भी है, तो पहले मुझे आधिकारिक रूप से सूचित किया जाना चाहिए था, न कि मीडिया के माध्यम से। यह एक सुनियोजित चरित्र हनन का प्रयास है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पूरे भारत में विपक्षी नेताओं को फंसाने के लिए ईडी का दुरुपयोग कर रही है।