हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए हांसी को राज्य का 23वां जिला बनाने की घोषणा की है। यह घोषणा मंगलवार को हिसार जिले के हांसी में आयोजित एक विशाल विकास रैली के दौरान की गई। इस ऐलान के साथ ही हरियाणा में जिलों की कुल संख्या 22 से बढ़कर 23 हो गई है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2017 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हांसी को जिला बनाने की घोषणा की थी, लेकिन विभिन्न कारणों से यह निर्णय लागू नहीं हो सका। उन्होंने कहा, “मैं चुनाव से पहले हांसी आया था, लेकिन उस समय आचार संहिता लागू होने के कारण यह घोषणा पूरी नहीं हो पाई। आज मैं उस अधूरी इच्छा को पूरा करने आया हूं और हांसी को हरियाणा का 23वां जिला घोषित करता हूं।”
मुख्यमंत्री के इस ऐतिहासिक ऐलान के बाद रैली स्थल पर मौजूद हजारों लोगों ने खड़े होकर तालियां बजाईं। तोशाम रोड स्थित ट्रक यूनियन के सामने नई ऑटो मार्केट पार्किंग में विशाल पंडाल लगाया गया था, जहां 5,000 से 7,000 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई थी।
गौरतलब है कि हांसी को जिला बनाए जाने की मांग लंबे समय से स्थानीय जनता द्वारा की जा रही थी। मुख्यमंत्री के इस फैसले से क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने रैली के दौरान तीन महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।
हांसी के जिला बनने से स्थानीय निवासियों को कई सुविधाएं मिलेंगी। अब लोगों को डिप्टी कमिश्नर से मिलने के लिए हिसार नहीं जाना पड़ेगा, क्योंकि जिला प्रशासन हांसी में ही स्थापित होगा। इसके अलावा, न्यायिक मामलों के लिए हिसार जिला अदालत जाने की मजबूरी भी समाप्त हो जाएगी, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी।

