इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने जननायक जनता पार्टी (जजपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला। चंडीगढ़ में शुक्रवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि इनेलो एसवाइएल (सतलुज-यमुना लिंक नहर) की लड़ाई जीत रही थी, लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार को यह बर्दाश्त नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने उनकी पार्टी को तोड़ने की साजिश रची और कुछ स्वार्थी लोगों ने भाजपा का साथ देकर हरियाणा को नुकसान पहुंचाया। अब वे लोग पूरी तरह खत्म हो चुके हैं। अभय ने कहा कि इन लोगों ने जनता को भ्रमित कर नुकसान पहुंचाया।
जजपा द्वारा रोहतक में नए प्रदेश कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला का पोस्टर लगाने की चर्चा पर अभय चौटाला भड़क गए। उन्होंने कहा, “अगर जजपा ने चौधरी ओम प्रकाश चौटाला का पोस्टर लगाया तो मेरे पास जूता है।” अभय ने जजपा को “गिरोह” करार देते हुए कहा कि ओम प्रकाश चौटाला ने जजपा को गद्दार बताया था। उन्होंने सवाल उठाया कि गद्दार उनकी तस्वीर कैसे लगा सकते हैं।
जानकारी के मुताबिक, जजपा ने अपना प्रदेश कार्यालय रोहतक में स्थानांतरित किया है और वहां सड़कों पर पोस्टर लगाए गए हैं, लेकिन उनमें ओम प्रकाश चौटाला की तस्वीर नहीं है। इस मुद्दे पर अभय चौटाला ने अपनी नाराजगी जाहिर कर अपना रुख स्पष्ट किया।