पंजाब पुलिस ने निलंबित महिला कॉन्स्टेबल अमनदीप कौर के खिलाफ नशा तस्करी के गंभीर आरोपों के तहत सख्त कार्रवाई की है। उनकी ₹1.35 करोड़ से अधिक की चल और अचल संपत्तियों को फ्रीज कर दिया गया है। यह कार्रवाई थाना कैनाल कॉलोनी में दर्ज FIR नंबर 65, दिनांक 2 अप्रैल 2025 के तहत की गई, जो NDPS एक्ट की धाराओं 21B, 61 और 85 के अंतर्गत है।
बठिंडा जिले के गांव चक फतेह सिंह वाला की रहने वाली अमनदीप कौर, जसवंत सिंह की बेटी, पंजाब पुलिस में कॉन्स्टेबल थीं। प्रारंभिक जांच में संदिग्ध गतिविधियों के बाद उन्हें निलंबित किया गया था। जांच में पता चला कि उनकी कई संपत्तियां ऐसी थीं, जिनके आय के स्रोत अस्पष्ट थे और संभवतः नशा तस्करी से अर्जित की गई थीं।
जब्त की गई संपत्तियों का विवरण
रिहायशी प्लॉट: बठिंडा के विराट ग्रीन में ₹99 लाख का प्लॉट और ड्रीम सिटी में ₹18.12 लाख का 120.83 गज का प्लॉट।
वाहन: ₹14 लाख की थार SUV (PB 05 AQ 7720) और ₹1.70 लाख की रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल (PB 03 BM 4445)।
मोबाइल फोन: iPhone 13 Pro Max (₹45,000), iPhone SE (₹9,000), और Vivo फोन (₹2,000)।
रोलेक्स घड़ी: ₹1 लाख की कीमत।
बैंक खाता: स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में ₹1,01,588.53 की नकद राशि।
कुल जब्त संपत्ति का मूल्य: ₹1,35,39,588.53।
पुलिस का कहना है कि यह प्रारंभिक आंकड़ा है, और आगे की जांच में और संपत्तियां सामने आ सकती हैं।
विजिलेंस की कार्रवाई
विजिलेंस विभाग ने अमनदीप कौर को आय से अधिक संपत्ति के मामले में सोमवार को गिरफ्तार किया। जांच में उनकी आय ₹1.08 करोड़ थी, जबकि खर्च ₹1.39 करोड़ आंका गया। इससे पहले, 2 अप्रैल 2025 को बठिंडा के लाडली धी चौक से 17 ग्राम हेरोइन के साथ उनकी गिरफ्तारी हुई थी, जिसके बाद उन्हें निलंबित किया गया। 29 अप्रैल को उन्हें ड्रग्स मामले में जमानत मिली थी।
लग्जरी लाइफस्टाइल की चर्चा
अमनदीप कौर की गिरफ्तारी के बाद उनकी आलीशान जीवनशैली सुर्खियों में आई। सोशल मीडिया पर उनकी रोलेक्स घड़ी, थार गाड़ी, और आलीशान घर के वीडियो वायरल हुए। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि उन्हें गलत फंसाया गया, लेकिन विजिलेंस को उनकी आय से अधिक संपत्ति और संदिग्ध लेन-देन की जानकारी मिली।