Honeymoon: शादी के तुरंत बाद जब नवविवाहित जोड़ा कहीं घूमने जाता है, तो इसे हनीमून कहा जाता है। यह परंपरा आज के दौर में इतनी सामान्य हो चुकी है कि हर कोई इसे शादी का एक अहम हिस्सा मानता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इस शब्द में “हनी” (शहद) और “मून” (चांद) जैसे तत्व मौजूद हैं, जबकि इनका शादी के बाद घूमने से कोई सीधा संबंध नहीं दिखता? फिर भी इस यात्रा को हनीमून क्यों कहा जाता है? इस शब्द की उत्पत्ति और इसके पीछे छिपी कहानी बेहद दिलचस्प है।
Honeymoon शब्द की उत्पत्ति और अर्थ
हनीमून शब्द की जड़ें पुराने अंग्रेज़ी शब्द “Hony Moone” में पाई जाती हैं। इसमें “Hony” यानी हनी (शहद), जिसका अर्थ शादी के शुरुआती दिनों की मिठास और प्रेम से है। शादी का पहला महीना नवविवाहित जोड़े के लिए सबसे खास माना जाता है, जिसमें वे एक-दूसरे को बेहतर ढंग से समझते हैं और रिश्ते की नई शुरुआत करते हैं।
इसके अलावा, यूरोपीय परंपराओं में शादी के बाद एक अनोखी रस्म हुआ करती थी। इस रस्म के तहत जोड़े को शहद और पानी से बनी एल्कोहॉलिक ड्रिंक पीने को दी जाती थी। यह माना जाता था कि इस पेय को पीने से उनका आपसी संबंध और ज्यादा मजबूत होगा और उनका जीवन मधुर रहेगा। यही कारण है कि इस को “हनी” शब्द से जोड़ा गया।
अब सवाल उठता है कि इसमें “मून” (चांद) का क्या अर्थ है? दरअसल, पुराने समय में मून यानी चंद्रमा को समय के प्रतीक के रूप में देखा जाता था। जिस तरह चंद्रमा की कलाएँ बदलती हैं, उसी तरह शादी के बाद का समय भी धीरे-धीरे बदलता है। शादी के शुरुआती दिनों में जो मिठास और प्रेम होता है, वह धीरे-धीरे समय के साथ अलग-अलग रंगों में ढलता है। इसी कारण “मून” शब्द शादी के शुरुआती समय को दर्शाने के लिए जोड़ा गया और हनीमून शब्द का निर्माण हुआ।
क्या Honeymoon का मतलब सिर्फ घूमना है?
आज के समय में हनीमून को आमतौर पर शादी के बाद की छुट्टियों या ट्रिप के रूप में देखा जाता है, लेकिन असल में यह सिर्फ घूमने-फिरने तक सीमित नहीं है। पुराने समय में इसे “मून पीरियड” यानी शादी के बाद के खास महीने के रूप में देखा जाता था। यह वह समय होता था जब दूल्हा-दुल्हन एक-दूसरे के साथ ज्यादा समय बिताते थे और अपने नए जीवन की शुरुआत करते थे।
हालांकि हनीमून शब्द का उपयोग कम से कम 18वीं शताब्दी से किया जाता रहा है, लेकिन 19वीं शताब्दी में यह पूरी दुनिया में बेहद लोकप्रिय हो गया। इसके बाद यह एक परंपरा का रूप लेने लगा और शादीशुदा जोड़े इस समय को खास बनाने के लिए हनीमून ट्रिप पर जाने लगे। धीरे-धीरे यह शादी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया, जिसमें दूल्हा-दुल्हन किसी खूबसूरत जगह पर जाकर अपना समय बिताते हैं और अपने रिश्ते को मजबूत बनाते हैं।