पंजाब में किसान मजदूर मोर्चा का ‘रेल रोको’ आंदोलन का ऐलान, 5 दिसंबर को 26 स्थानों पर ट्रैक जाम
चंडीगढ़: शंभू-खनौरी बार्डर पर लंबे समय से आंदोलन कर रहे किसान मजदूर मोर्चा (KMM) ने एक बड़ा फैसला लेते हुए 5 दिसंबर को पंजाब में ‘रेल रोको’ आंदोलन की घोषणा की है। संगठन ने बताया कि पूरे राज्य में 26 जगहों पर दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक रेल ट्रैक जाम किए जाएंगे। यह विरोध शांतिपूर्ण होगा और इस दौरान किसी भी सड़क को अवरुद्ध नहीं किया जाएगा।
किसान मजदूर मोर्चा के प्रमुख सरवण पंधेर ने कहा कि केंद्र और पंजाब सरकारें किसानों की प्रमुख मांगों—जैसे कि एमएसपी की कानूनी गारंटी—पर अभी तक कोई ठोस फैसला नहीं ले पाई हैं। इसी कारण किसानों को मजबूर होकर एक बार फिर बड़े स्तर का विरोध प्रदर्शन करना पड़ रहा है।
रेल रोको आंदोलन के चलते अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, बठिंडा समेत कई जिलों में रेल सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है। पंधेर ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने किसानों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया, तो आंदोलन और अधिक व्यापक व तीव्र किया जा सकता है।
इधर, पंजाब में रोडवेज–पंजाब बस–PRTC के ठेका कर्मी भी बीते कई दिनों से हड़ताल पर हैं, जिसके कारण सरकारी बस सेवाओं का संचालन लगभग बंद है। कर्मचारियों और सरकार के बीच हुई बैठक में कई मुद्दों पर सहमति नहीं बन पाई, जिस वजह से यूनियन ने हड़ताल वापस लेने से इंकार कर दिया।
बसों की बंदी के बाद अब रेल सेवाओं के प्रभावित होने की संभावना से आम यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

