पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद दोनों देशों के नागरिक अटारी सीमा के रास्ते अपने-अपने देश लौट गए हैं। इस बीच, घर लौटते समय अटारी सीमा पर एक पाकिस्तानी नागरिक की मौत का मामला सामने आया है। अटारी के रास्ते पाकिस्तान जा रहे एक कश्मीरी व्यक्ति को अचानक दिल का दौरा पड़ गया। मृतक की पहचान अब्दुल वहीद भट के रूप में हुई है, जिनकी उम्र लगभग 70 वर्ष थी।
जानकारी के अनुसार मृतक अब्दुल वहीद भट्ट पिछले 40 वर्षों से भारतीय कश्मीर में रह रहा था और अब भी वह भारत में रहना चाहता था, लेकिन जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उसे निर्वासित कर दिया था। आईसीपी अटारी पहुंचते ही अब्दुल वहीद भट्ट को दिल का दौरा पड़ा। जिसके बाद उन्हें तुरंत एंबुलेंस में डालकर अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पाकिस्तान ने अपने नागरिक का शव लेने से इनकार कर दिया है।
आपको बता दें कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तानी नागरिकों के भारत में रहने पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। इस हमले में 26 पर्यटक मारे गए और कई घायल हो गए। पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद से अब तक 786 पाकिस्तानी नागरिक अटारी-वाघा सीमा के रास्ते भारत छोड़ चुके हैं। खबरों के मुताबिक इस दौरान अटारी-वाघा सीमा के जरिए 1376 भारतीय पाकिस्तान से लौटे हैं।