पटना: नीतीश कुमार ने शुक्रवार को बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में 10वीं बार शपथ ली। राज्यपाल मोहम्मद आरिफ ख़ान ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। पटना के गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मंच पर “बिहार में फिर एक बार – नीतीश कुमार” के नारे गूंजते रहे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बाद सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद राज्यपाल ने एक साथ पाँच मंत्रियों को शपथ दिलाई। पहले चरण में सीएम और डिप्टी सीएम के बाद विजय चौधरी, विजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, मंगल पांडे और दिलीप जैसवाल ने शपथ ग्रहण की।
कुल 26 मंत्रियों ने शपथ ली है— जिनमें 14 भाजपा से, 8 जदयू से, 2 एलजेपी (रामविलास) से और 1-1 HAM तथा कुशवाहा गुट से हैं। कैबिनेट में एक मुस्लिम चेहरा भी शामिल है। जदयू ने जामा खान को फिर से मंत्री बनाया है। वहीं भाजपा ने कई नए चेहरों को मौका दिया है, जिनमें अशोक चौधरी, सुनील कुमार, विजेंद्र यादव, श्रवण कुमार, विजय चौधरी, मदन साहनी, लखेंद्र पासवान, श्रेयसी सिंह, अरुण शंकर प्रसाद, रामकृपाल यादव, जामा खान, संजय टाइगर और दीपक प्रकाश (उपेंद्र कुशवाहा के पुत्र) शामिल हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में हरियाणा, असम, गुजरात, मेघालय, उत्तर प्रदेश, नागालैंड, ओडिशा, दिल्ली और राजस्थान के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहे। मंच पर चिराग पासवान ने जीतन राम मांझी और जे.पी. नड्डा के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।

