गुजरात: सूरत के परवत पाटिया इलाके में स्थित राज टेक्सटाइल मार्केट में आज सुबह भीषण आग लग गई। यह हादसा सुबह करीब 7 बजे हुआ। फायर ब्रिगेड की टीमों ने लगभग चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक 20 दुकानें जलकर राख हो चुकी थीं।
घटना की सूचना मिलते ही फायर विभाग की 15 से अधिक गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। चूँकि यह एक कपड़ा बाजार था, इसलिए आग बेहद तेजी से फैल गई और दुकानें चंद मिनटों में चपेट में आ गईं, जिससे लाखों का कपड़ा और अन्य सामग्री नष्ट हो गई।
हादसे के समय मार्केट बंद था, जिसके कारण किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। फायर अधिकारियों के अनुसार, आग की शुरुआत बिजली के उपकरणों से हुई मानी जा रही है, जो तेजी से तीसरी, पांचवीं और ऊपरी मंज़िल तक फैल गई। बताया जा रहा है कि बिजली की वायरिंग के माध्यम से आग ने तेजी से पूरी बिल्डिंग को जकड़ लिया।
फायर ब्रिगेड की कई टीमें अभी भी मौके पर मौजूद हैं और इमारत के अंदर कूलिंग का काम जारी है, जिसमें कुछ और समय लग सकता है। इस ऑपरेशन में करीब 100 से 125 फायर ऑफिसर और कर्मचारी जुटे हुए हैं।
राज टेक्सटाइल मार्केट सूरत का एक प्रमुख थोक कपड़ा बाजार है, जहां प्रतिदिन बड़ी मात्रा में सिंथेटिक और रेडीमेड कपड़े की खरीद-फरोख्त होती है। आग के कारण कई दुकानों में रखा हुआ माल पूरी तरह से जल गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, कई करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

