लुधियाना में 12वीं के एक छात्र ने फेल होने के तनाव में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान जरनैल सिंह (17) के रूप में हुई, जो पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की 12वीं की परीक्षा में तीन विषयों में असफल रहा था। इस सदमे को न सह पाने के कारण उसने अपनी जान दे दी।
लाडोवाल थाने की एसएचओ गुरशिंदर कौर ने बताया कि जरनैल सिंह गांव चाहर का निवासी था और सरकारी स्कूल में पढ़ता था। उसके पिता गुरुद्वारा साहिब में ग्रंथी हैं। परिवार में दो बेटे थे, जिनमें जरनैल और उसका भाई राजविंदर सिंह शामिल हैं। बुधवार रात जरनैल ने परिवार को बताया कि वह छत पर सोने जा रहा है। गुरुवार सुबह 8 बजे तक जब वह नीचे नहीं आया, तो परिजनों ने छत पर जाकर देखा। वहां जरनैल ने लोहे के एंगल पर परना बांधकर फांसी लगा ली थी। उसे तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को अस्पताल से सूचना मिलने के बाद जांच शुरू की गई। जरनैल के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखा गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।