भारत ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर की उस टिप्पणी को कड़ी प्रतिक्रिया के साथ खारिज कर दिया है जिसमें उन्होंने कश्मीर को इस्लामाबाद की ‘गले की नस’ बताया था। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने तीखा जवाब देते हुए कहा, “कोई विदेशी वस्तु किसी की ‘गले की नस’ कैसे हो सकती है?” उन्होंने स्पष्ट किया कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न केंद्र शासित प्रदेश है और पाकिस्तान का इससे इकलौता संबंध यह है कि वह अवैध रूप से कब्जाए गए क्षेत्रों को खाली करे।
रणधीर जायसवाल के अनुसार, पाकिस्तान को भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने का कोई अधिकार नहीं है और उसकी ऐसी टिप्पणियां केवल भ्रामक दावे हैं।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा का भी जवाब
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा ने भी पाक सेना प्रमुख की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि अब समय आ गया है कि भारत को सच्चाई स्वीकार कर ले और पाकिस्तान से बेहतर संबंधों की उम्मीद छोड़ दे। उन्होंने कहा कि जनरल मुनीर ने खुद स्वीकार किया है कि भारत और पाकिस्तान मूल रूप से अलग हैं — चाहे वो धर्म, रीति-रिवाज, सोच या महत्वाकांक्षाएं हों।
पाकिस्तानी सेना प्रमुख का विवादित बयान
जनरल आसिम मुनीर ने विदेश में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा था कि भारत और पाकिस्तान दो अलग राष्ट्र हैं और यही वजह थी कि हमारे पूर्वजों ने पाकिस्तान के निर्माण के लिए संघर्ष किया। उन्होंने यह भी कहा कि कश्मीर इस्लामाबाद की ‘गले की नस’ है — जिस पर भारत ने तुरंत सख्त प्रतिक्रिया दी।