पंजाब में गर्मी लगातार भीषण होती जा रही है। हालात ऐसे हैं कि अप्रैल के दूसरे सप्ताह से पहले ही तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान और भी बढ़ सकता है। दिन के समय तेज धूप के कारण कूलर और एसी भी पूरी गति से चलाए जा रहे हैं।
रविवार को बठिंडा में 39.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। अधिकतम तापमान में 1.7 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई और अब यह सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक हो गया है। मौसम विभाग ने सोमवार से चार दिनों के लिए पंजाब में हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
विभाग के अनुसार इस अवधि के दौरान तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। पंजाब के कुछ हिस्सों में पारा 40 डिग्री को भी पार कर सकता है। विभाग ने अनुमान जताया है कि 10 अप्रैल तक पंजाब के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। रविवार को न्यूनतम तापमान में भी 0.5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने 10 और 11 अप्रैल को पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई है।
मुख्य शहरों का तापमान
अमृतसर: अधिकतम 36.1°C, न्यूनतम 17.1°C
लुधियाना: अधिकतम 38.1°C, न्यूनतम 17.0°C
पटियाला: अधिकतम 38.4°C, न्यूनतम 18.6°C
पठानकोट: अधिकतम 35.4°C, न्यूनतम 15.8°C
बठिंडा: अधिकतम 39.7°C, न्यूनतम 17.0°C
फिरोजपुर: अधिकतम 37.0°C, न्यूनतम 15.9°C
जालंधर: अधिकतम 35.9°C, न्यूनतम 15.6°C
फरीदकोट: न्यूनतम 17.4°C
11 अप्रैल से मौसम में बदलाव संभव
मौसम विभाग का अनुमान है कि 11 अप्रैल से मौसम में बदलाव आ सकता है। इस दौरान बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण 10 अप्रैल के बाद पंजाब और चंडीगढ़ के आसपास के इलाकों में बादल छा सकते हैं।