गुजरात पुलिस ने पंजाब पुलिस की सहायता से जालंधर के भार्गो कैंप इलाके में छापेमारी कर एक पाकिस्तानी जासूस, मोहम्मद मुर्तजा अली, को गिरफ्तार किया। स्थानीय पुलिस की मदद से अवतार नगर में छापा मारा गया और अली को हिरासत में लेकर गुजरात ले जाया गया। उसके कब्जे से चार मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड जब्त किए गए।
अली, जो गांधी नगर में किराए के मकान में रहता था, ने एक ऐसी ऐप बनाई थी, जिसके जरिए पाकिस्तान में बंद किए गए भारतीय न्यूज़ चैनल दिखाए जाते थे। इस ऐप का इस्तेमाल पाकिस्तान की ISI भारत की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए करती थी। अली ने इस ऐप के लिए पाकिस्तान से बड़ी रकम मांगी और अन्य जानकारियां भी साझा कीं।
गुजरात पुलिस के अनुसार, अली ने हाल ही में 25 मरले का एक प्लॉट खरीदा और 1.5 करोड़ रुपये की लागत से आलीशान घर बनवा रहा था। उसके बैंक खाते की जांच में एक महीने में 40 लाख रुपये के लेन-देन का पता चला। अली मूल रूप से बिहार का निवासी है और भारतीय चैनलों पर प्रतिबंध के दौरान ऐप बनाकर पाकिस्तान को बेचता था। आरोपी को गिरफ्तार कर गुजरात पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।