पंजाब के फिरोजपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। रेल मंत्रालय ने फिरोजपुर–पट्टी रेल लिंक प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। फिरोजपुर रेल मंडल की ओर से जारी बयान के अनुसार, यह प्रोजेक्ट कुल 25.72 किलोमीटर लंबा होगा और इसकी लागत लगभग ₹764.19 करोड़ आएगी। इसमें से ₹166 करोड़ की राशि भूमि अधिग्रहण के लिए रखी गई है, जिसे पूरी तरह से रेलवे द्वारा वहन किया जाएगा।
- प्रोजेक्ट की लंबाई: 25.72 किमी
- कुल लागत: ₹764.19 करोड़
- भूमि अधिग्रहण के लिए ₹166 करोड़ निर्धारित
- फिरोजपुर से अमृतसर की दूरी घटकर 100 किमी
- 2.5 लाख रोजगार के अवसर
- 10 लाख लोगों को लाभ
केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने मीडिया से बातचीत में बताया कि यह परियोजना रणनीतिक और आर्थिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद फिरोजपुर से अमृतसर की दूरी 196 किलोमीटर से घटकर लगभग 100 किलोमीटर रह जाएगी। वहीं, जम्मू–फिरोजपुर–फाजिल्का–मुंबई कॉरिडोर की दूरी भी लगभग 236 किलोमीटर कम हो जाएगी।
बिट्टू ने इसे पंजाब के लिए ऐतिहासिक तोहफा करार देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि नई रेल लाइन जालंधर–फिरोजपुर और पट्टी–खेमकरण रूटों को जोड़ेगी, जिससे अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक एक वैकल्पिक और सीधा रेल मार्ग तैयार होगा। यह मार्ग रणनीतिक रक्षा क्षेत्रों से होकर गुजरेगा, जिससे फौज, सामान और सप्लाई की तेज आवाजाही संभव हो सकेगी।
इस प्रोजेक्ट से करीब 10 लाख लोगों को सीधा और अप्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और लगभग 2.5 लाख रोजगार के अवसर पैदा होंगे। यह नई रेल लाइन रोजाना 2,500 से 3,500 यात्रियों के लिए सुविधा प्रदान करेगी, जिससे विद्यार्थियों, मजदूरों और ग्रामीण मरीजों को विशेष लाभ होगा। इसके साथ ही व्यापार, औद्योगिक विकास और कृषि मंडियों तक पहुंच में तेजी आएगी, जिससे परिवहन लागत में कमी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में मजबूती आएगी।

