चंडीगढ़: पंजाब के जालंधर में बीजेपी नेता मनोरंजन कालिया के घर पर ग्रेनेड हमले के मामले में पंजाब पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों और दिल्ली पुलिस की मदद से दिल्ली के जसोला इलाके से सईदुल अमीन को पकड़ा है, जो उत्तर प्रदेश के अमरोहा का रहने वाला है।
सईदुल अमीन, जो 19 साल का है और अमरोहा में वेल्डिंग का काम करता है, इस हमले का मुख्य आरोपी है। यह हमला 7 और 8 अप्रैल 2025 की रात हुआ था। पुलिस के अनुसार, अमीन ने ही बीजेपी नेता के घर पर खुद ग्रेनेड फेंका था।
इससे पहले पंजाब पुलिस दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिन्होंने अमीन को लॉजिस्टिक सहायता दी थी। पुलिस इस मामले में शामिल हैंडलर्स, फाइनेंसर और संभावित विदेशी कनेक्शनों की गहराई से जांच कर रही है।
अधिकारियों के मुताबिक, अमीन को सोशल मीडिया के ज़रिए पाकिस्तान और अन्य देशों में मौजूद हमले के मास्टरमाइंडों से जोड़ा गया था। पहले उसे पैसों का लालच दिया गया और फिर ग्रेनेड फेंकने का काम सौंपा गया। ग्रेनेड उसे पंजाब में उपलब्ध करवाया गया और घटना के बाद वह अमरोहा लौट गया।
पुलिस की जांच में अमीन के रेडिक्लाइज होने और आतंकवादी कनेक्शन की भी पुष्टि की जा रही है।