नई दिल्ली: अमेरिका के बाद अब मैक्सिको ने भी भारत सहित कई एशियाई देशों पर बड़ा आर्थिक प्रहार किया है। मैक्सिको की संसद ने बुधवार को घोषणा की कि वह उन देशों पर 50 प्रतिशत तक का टैरिफ लगाएगा, जिनके साथ उसका फ्री ट्रेड एग्रीमेंट नहीं है। यह नियम 1 जनवरी 2026 से लागू होगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन देशों में चीन, भारत, दक्षिण कोरिया, थाईलैंड और इंडोनेशिया प्रमुख हैं। Reuters के अनुसार, नए आदेश के तहत भारत, चीन और अन्य एशियाई देशों से आयात होने वाले हजारों उत्पादों पर भारी शुल्क लगाया जाएगा। कई वस्तुओं पर 35% तक, जबकि कुछ पर 50% तक का टैरिफ लगाया जाएगा।
टैक्स बढ़ने से कारें, ऑटो पार्ट्स, कपड़े, टेक्सटाइल, प्लास्टिक उत्पाद, स्टील, जूते और लगभग 1,400 प्रकार की वस्तुएं महंगी हो जाएंगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि मैक्सिको का यह कदम 2026 में होने वाली USMCA व्यापार समझौता समीक्षा से पहले अमेरिका को साधने की कोशिश हो सकता है। अमेरिका लंबे समय से यह चिंता जताता रहा है कि चीन से सस्ता सामान मैक्सिको के रास्ते उसकी मार्केट में प्रवेश कर रहा है।
मैक्सिको सरकार का कहना है कि बढ़ते आयात और घरेलू उद्योगों पर दबाव के कारण यह फैसला लिया गया है। सरकार ने चेतावनी दी है कि टैरिफ लागू होने के बाद इन देशों से आने वाला सामान काफी महंगा हो जाएगा।

