चंडीगढ़:
पंजाबी रैपर और गायक यो यो हनी सिंह एक बार फिर अपने गाने को लेकर विवादों में घिर गए हैं। हनी सिंह का चर्चित गाना “नागन (Nagan 3.0)” अब कानूनी पचड़े में फंसता नजर आ रहा है। इस गाने को अब तक करीब 14 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं। वीडियो में हनी सिंह को बिकिनी पहनी महिलाओं के साथ डांस करते हुए दिखाया गया है, जिस पर आपत्ति जताई गई है।
जालंधर से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक नेता ने इस गाने को लेकर पंजाब के डीजीपी गौरव यादव को लिखित शिकायत भेजी है। शिकायत में हनी सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। इसके साथ ही यूट्यूब समेत सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म से गाने को तत्काल हटाने की भी अपील की गई है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि यह गाना बिना किसी उम्र सीमा (Age Restriction) के प्रसारित किया जा रहा है, जो बच्चों और किशोरों पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि गाने में दिखाए गए दृश्य अश्लीलता को बढ़ावा देते हैं और इससे पंजाबी संस्कृति और सभ्यता को ठेस पहुंच रही है।
डीजीपी को दी गई शिकायत में BJP नेता अरविंद शर्मा ने कहा कि ‘नागन’ गाने की वीडियो में नग्नता और आपत्तिजनक डांस सीन्स दिखाए गए हैं, जो पंजाब की सांस्कृतिक मूल्यों के खिलाफ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मनोरंजन के नाम पर पंजाबी संगीत और पहचान को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि पंजाब की संस्कृति महिलाओं के सम्मान और गरिमा के लिए जानी जाती है, लेकिन इस तरह के गाने समाज की भावनाओं को आहत करते हैं। इसे गंभीर जनहित का मामला बताते हुए उन्होंने हनी सिंह और इससे जुड़े अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि हनी सिंह का यह गाना ‘नागन 3.0’ यूट्यूब पर 15 अप्रैल 2023 को रिलीज किया गया था, जिसे अब दो साल पूरे हो चुके हैं। हालांकि, अब एक बार फिर यह गाना विवादों के केंद्र में आ गया है।

