चंडीगढ़ | न्यूज़ डेस्क:
पंजाबी मनोरंजन जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। प्रसिद्ध पंजाबी गायक मास्टर सलीम के पिता और जाने-माने संगीत गुरु पूर्ण शाह कोटी का निधन हो गया है। उन्होंने 72 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थे और जालंधर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था।
पूर्ण शाह कोटी के निधन की खबर से पंजाबी संगीत उद्योग में शोक की लहर दौड़ गई है। कई नामी कलाकारों, गायकों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया के जरिए मास्टर सलीम और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
गौरतलब है कि पूर्ण शाह कोटी सिर्फ मास्टर सलीम के पिता ही नहीं, बल्कि पंजाबी संगीत जगत के एक प्रतिष्ठित गुरु भी थे। उन्होंने अपने संगीत ज्ञान से कई प्रसिद्ध कलाकारों को तराशा। पंजाबी गायक और पूर्व सांसद हंसराज हंस, जसबीर जस्सी और बब्बू मान जैसे कई बड़े नामों को उन्होंने गायन की बारीकियां सिखाईं। हंसराज हंस को कई मौकों पर अपने गुरु पूर्ण शाह कोटी के साथ देखा गया है।
उनके निधन के बाद संगीत जगत से जुड़ी कई हस्तियां उनके परिवार से मिलने पहुंचीं और शोक व्यक्त किया। पूर्ण शाह कोटी का योगदान पंजाबी लोक और सूफी संगीत के क्षेत्र में हमेशा याद किया जाएगा।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और शोक संतप्त परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति दे।

