चंडीगढ़, 22 दिसंबर 2025 | न्यूज़ डेस्क:
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने कागजी वादों को ज़मीनी हकीकत में बदलते हुए सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाया है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लिए 6175 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है, जिसमें से नवंबर 2025 तक 4683.94 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं।

डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि इस समय राज्य में 35 लाख 29 हजार 216 लाभार्थियों को वृद्धावस्था पेंशन और अन्य सहायता योजनाओं के तहत नियमित आर्थिक मदद मिल रही है। यह आंकड़ा समाज के कमजोर वर्गों को मजबूत सामाजिक सुरक्षा देने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि बाल भिक्षावृत्ति को जड़ से खत्म करने के उद्देश्य से सामाजिक सुरक्षा विभाग द्वारा प्रोजेक्ट जीवनजोत और प्रोजेक्ट जीवनजोत 2.0 लागू किया गया है। इसके तहत अब तक 766 बच्चों को भिक्षावृत्ति से मुक्त कर शिक्षा और पुनर्वास से जोड़ा गया है। साथ ही, वर्ष 2025 के दौरान 64 बाल विवाहों को समय रहते रोका गया है, जिसमें राज्य भर में तैनात 2076 बाल विवाह निषेध अधिकारियों की अहम भूमिका रही है।
मंत्री ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। सेफ स्कूल वाहन नीति के तहत पिछले चार महीनों में 2385 स्कूली बसों की जांच की गई, जिनमें से 404 के चालान काटे गए और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने पर 2 बसों को जब्त किया गया।
उन्होंने बताया कि पंजाब देश का पहला राज्य बन गया है, जहां विधानसभा की कार्यवाही को सांकेतिक भाषा में प्रस्तुत किया जा रहा है। इस पहल के तहत 1 साइन लैंग्वेज इंटरप्रेटर, 42 विशेष शिक्षक और 48 अनुवादकों को इम्पैनल किया गया है, जिससे दिव्यांगजन लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़ सकें।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि नेत्रहीन व्यक्तियों को मुफ्त और दिव्यांगजनों को आधे किराए पर यात्रा सुविधा दी जा रही है। इसके लिए वर्ष 2025-26 में 350 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसमें से अब तक 3.45 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य के सभी जिलों में स्थापित वन स्टॉप सेंटरों के माध्यम से हिंसा पीड़ित महिलाओं को चिकित्सा, कानूनी सहायता, काउंसलिंग और सुरक्षित आवास सहित पांच तरह की निशुल्क सेवाएं दी जा रही हैं। नवंबर 2025 तक 5121 महिलाएं इन सेवाओं का लाभ उठा चुकी हैं।
इसके अलावा, सरकारी बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा सुविधा दी जा रही है, जिससे हर महीने करीब 1.20 करोड़ महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। नवंबर 2025 तक इस योजना पर 450 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि 27 हजार से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों के जरिए 13.65 लाख जरूरतमंद महिलाओं को 3.68 करोड़ से अधिक सेनेटरी पैड निशुल्क वितरित किए गए हैं। वहीं, चालू वित्तीय वर्ष में 69,110 गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को 26.06 करोड़ रुपये डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में ट्रांसफर किए गए हैं।
अंत में उन्होंने कहा कि मोहाली, जालंधर और अमृतसर में लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से पांच कामकाजी महिला हॉस्टलों का निर्माण किया जाएगा, जिन्हें 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
डॉ. बलजीत कौर ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और समावेशी विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और एक सुरक्षित व खुशहाल पंजाब के निर्माण की दिशा में लगातार काम कर रही है।

