हरियाणा: राज्य में जारी डॉक्टरों की हड़ताल अब समाप्त हो गई है। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन (HCMSA) और राज्य सरकार के बीच गुरुवार देर शाम हुई लंबी बैठक के बाद सहमति बन गई। लगभग 6:30 बजे शुरू हुई यह बैठक कई घंटे चली, जिसमें डॉक्टरों ने अपनी सभी मांगों को दोहराया।
सूत्रों के अनुसार, सरकार ने एसोसिएशन की एश्योर्ड करियर प्रमोशन (ACP) में संशोधनों से जुड़े मुद्दे पर एक बीच का रास्ता निकाल लिया है। सरकार ने डॉक्टरों को आयुष्मान प्रोत्साहन देने और जल्द ही एक संयुक्त समिति बनाने पर सहमति जताई है। यह समिति सरकारी अधिकारियों और एसोसिएशन के एक प्रतिनिधि से मिलकर बनेगी। सरकार ने इस संबंध में लिखित आश्वासन भी दिया है।
एसोसिएशन का कहना है कि स्वास्थ्य मंत्री आरती राव के साथ हुई बातचीत में सरकार चार मुख्य मुद्दों पर सहमत हुई, जिसके बाद डॉक्टरों ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी। आज से राज्य के सभी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य रूप से बहाल हो जाएंगी।
बैठक के दौरान एसीपी और करियर प्रगति को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजेश ख्यालिया ने बताया कि सरकार वरिष्ठ मेडिकल अधिकारियों (SMO) के लिए सीधी भर्ती रोकने पर सहमत है, लेकिन एसीपी से संबंधित स्थिति को भी स्पष्ट किया जाना आवश्यक है।
गौरतलब है कि डॉक्टरों ने स्पष्ट कर दिया था कि वे केवल मौखिक आश्वासन के आधार पर हड़ताल समाप्त नहीं करेंगे। इसी कारण स्वास्थ्य मंत्री आरती राव को स्वयं रात 8:30 बजे मुख्यमंत्री निवास जाकर वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा करनी पड़ी। लंबी बातचीत के बाद लिखित समझौता तैयार हुआ और जैसे ही उस पर औपचारिक मुहर लगी, डॉक्टरों ने हड़ताल समाप्त करने का ऐलान कर दिया।

