टोक्यो: जापान के आओमोरी प्रांत के पास रविवार देर रात 7.5 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। भूकंप स्थानीय समयानुसार रात 11:15 बजे आया। अधिकारियों ने बताया कि इस प्राकृतिक आपदा में कई लोग घायल हुए हैं और सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है। भूकंप के बाद संभावित झटकों के लिए भी अलर्ट घोषित किया गया है। जापानी सरकार देर रात आए इस भूकंप से हुए नुकसान का आकलन कर रही है।
अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन एजेंसी के अनुसार, अब तक 23 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर है। ज्यादातर लोग तेज झटकों के दौरान गिरने वाली वस्तुओं की चपेट में आए। इसके अलावा, हाचिनोहें स्थित एक होटल में भी कई लोग घायल होने की सूचना है।
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने जानकारी दी कि भूकंप का केंद्र आओमोरी क्षेत्र के तट से लगभग 80 किलोमीटर दूर और करीब 50 किलोमीटर (31 मील) की गहराई में था। भूकंप के तुरंत बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई और कुछ स्थानों पर 70 सेंटीमीटर (27 इंच) तक ऊंची लहरें देखी गईं। स्थिति को देखते हुए कुछ रेल सेवाओं को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। मुख्य कैबिनेट सचिव मीनो किहारा के अनुसार, करीब 800 घरों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई है।
बिगड़ते हालातों को देखते हुए जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची ने जनता को संबोधित किया। भूकंप प्रभावित नागरिकों से उन्होंने अपील की, “सतर्क रहें और किसी भी समय घर खाली करने के लिए तैयार रहें। झटकों का एहसास होते ही सुरक्षित स्थान की ओर बढ़ें।” उल्लेखनीय है कि जापान दुनिया के उन देशों में शामिल है जहां भूकंप सबसे अधिक आते हैं।

