मुंबई: मशहूर टीवी अभिनेता ज़ीशान खान एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए। ‘कुमकुम भाग्य’ और ‘नागिन’ जैसे लोकप्रिय टीवी शोज़ में अपनी भूमिकाओं से पहचान बनाने वाले ज़ीशान की कार एक अन्य वाहन से टकरा गई। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि राहत की बात यह है कि ज़ीशान सुरक्षित हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक दुर्घटना 8 दिसंबर की रात करीब 8:30 बजे मुंबई के वरसोवा इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि ज़ीशान की काले रंग की कार का एक ग्रे रंग के वाहन से आमने-सामने टकराव हुआ। टक्कर के दौरान कार के एयरबैग खुल गए, जिससे उनकी जान बची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास मौजूद लोग भी घबरा गए। दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा लेकिन किसी को गंभीर शारीरिक चोट नहीं आई।
फिलहाल ज़ीशान खान की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि अभिनेता ने इस मामले में पुलिस शिकायत दर्ज करा दी है।
बात करें उनके करियर की, तो ज़ीशान ने 2015 में स्टार प्लस के शो “कुच्छ तो है तेरे मेरे दरमियां” से अपने अभिनय सफर की शुरुआत की थी। इसके बाद वह सोनी टीवी के शो “परवरिश सीज़न 2” में नज़र आए। ज़ीशान को सबसे ज्यादा लोकप्रियता ज़ी टीवी के शो “कुमकुम भाग्य” में आऱ्यन खन्ना की भूमिका निभाने से मिली, जिसमें वह 2019 से 2021 तक दिखाई दिए। वह “नागिन” में भी नज़र आ चुके हैं। इसके अलावा ज़ीशान बिग बॉस ओटीटी सीज़न 1 के भी प्रतिभागी रहे हैं और कई म्यूज़िक वीडियो में भी काम कर चुके हैं।

