हांगकांग: हांगकांग के ताई पो ज़िले में बुधवार को एक विशाल रिहायशी परिसर में लगी भीषण आग ने पूरे शहर में हड़कंप मचा दिया। हादसे में मौत का आंकड़ा बढ़कर 44 तक पहुंच गया है, जबकि करीब 300 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, आग ताई पो स्थित वोंग फुक कोर्ट रिहायशी परिसर में लगी, जिसमें कुल आठ ऊंची इमारतें शामिल थीं। इनमें से हर इमारत 35 मंज़िला थी और पूरे परिसर में लगभग 2,000 अपार्टमेंट मौजूद थे। इमारतें मरम्मत कार्य की वजह से बांस के स्कैफोल्डिंग से ढकी हुई थीं। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, आग स्कैफोल्डिंग से ही शुरू हुई और तेज़ हवाओं के चलते देखते ही देखते एक इमारत से दूसरी इमारत तक फैल गई।
घटना के समय हर तरफ काले धुएं के घने बादल फैल गए, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। अधिकारियों के मुताबिक आग स्थानीय समयानुसार दोपहर 2:51 बजे भड़की और तेजी से कई मंज़िलों तक पहुँच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर सर्विस विभाग ने इसे “लेवल-5 अलार्म फायर” घोषित किया — जो हांगकांग में आग की सबसे गंभीर श्रेणी है।
मरने वालों में एक 37 वर्षीय फायरफाइटर भी शामिल है, जिसने बचाव कार्य के दौरान अपनी जान गंवाई। अधिकारियों का कहना है कि इमारतों के भीतर अभी भी कई लोग फंसे हो सकते हैं। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं, जबकि परिवारों का रोना-पीटना और अफरा-तफरी का माहौल लगातार बना हुआ है।

