चंडीगढ़:
पंजाब में ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है और सुबह–शाम लोगों को कड़ाके की ठंड का एहसास होने लगा है। राज्यभर में न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है। बीते दिन फरीदकोट पंजाब का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, आज पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहेगा। कुछ इलाकों में हल्की धुंध छा सकती है, हालांकि कहीं भी घनी धुंध या किसी बड़े मौसमीय खतरे की चेतावनी जारी नहीं की गई है। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है और अगले कुछ दिनों तक आसमान साफ रहने की उम्मीद है।
पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कई क्षेत्रों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 28 नवंबर से तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है। कुछ स्थानों पर पारा 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है।
जलंधर, कपूरथला, पटियाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, लुधियाना और मोहाली के विभिन्न हिस्सों में भी न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर और उत्तर-पूर्वी जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। अन्य जिलों में तापमान 24 से 26 डिग्री के बीच रह सकता है। दक्षिण-पश्चिमी पंजाब में दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा कम रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान भी औसत से नीचे रह सकता है।

