विदेश मंत्रालय ने दिल्ली हाईकोर्ट को सूचित किया है कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में मौत की सजा पाने वाली भारतीय महिला शाहजादी खान को फांसी दी जा चुकी है, और उनका अंतिम संस्कार 5 मार्च को किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले की रहने वाली शाहजादी खान के पिता ने 1 मार्च, 2025 को दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर कर विदेश मंत्रालय और संबंधित अधिकारियों से उनकी बेटी की कानूनी स्थिति और सही जानकारी प्राप्त करने के निर्देश देने की मांग की थी।
15 फरवरी को दी गई थी फांसी
33 वर्षीय शाहजादी खान को अबू धाबी, यूएई में एक बच्चे की हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया था। अल वथबा जेल में कैद शाहजादी को फरवरी 2023 में एक वीडियो रिकॉर्डिंग में बच्चे की हत्या स्वीकार करते देखा गया था, जिसके आधार पर उन्हें 31 जुलाई, 2023 को मौत की सजा सुनाई गई थी। हालांकि, उनके परिवार का दावा है कि यह कबूलनामा जबरन लिया गया था।
कैसे लगा आरोप?
शाहजादी खान दिसंबर 2021 में वीजा लेकर अबू धाबी गई थीं और अगस्त 2022 में एक परिवार के यहां बच्चे की देखभाल के लिए नियुक्त हुईं। 7 दिसंबर, 2022 को बच्चे को टीका लगाया गया, लेकिन उसी दिन उसकी मृत्यु हो गई। माता-पिता ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और जांच रोकने के लिए सहमति पत्र पर हस्ताक्षर कर दिए।
बाद में, फरवरी 2023 में शाहजादी का एक वीडियो सामने आया, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार की। उनके परिवार ने इस बयान को यातना और दबाव का नतीजा बताया। उन्हें 10 फरवरी, 2023 को पुलिस हिरासत में लिया गया और फिर 31 जुलाई, 2023 को मौत की सजा सुनाई गई।
सजा के खिलाफ अपील खारिज
शाहजादी खान ने सितंबर 2023 में अपनी सजा के खिलाफ अपील दायर की, जिसे खारिज कर दिया गया। 28 फरवरी, 2024 को उनकी सजा बरकरार रखी गई, और अंततः 15 फरवरी, 2025 को उन्हें फांसी दे दी गई।